यशवंत सिन्हा का PM को जवाब, बोले- 'शल्य नहीं भीष्म हूं, अर्थव्यवस्था का चीरहरण नहीं होने दूंगा'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान पर यशवंत सिन्हा ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा मैं शल्य नहीं भीष्म हूं, अर्थव्यवस्था का चीरहरण नहीं होने दूंगा...

Update: 2017-10-05 07:48 GMT

नई दिल्ली : अर्थव्यवस्था पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सफाई के बाद एक बार फिर पूर्व वित्त मंत्री और बीजेपी नेता यशवंत सिन्हा ने पलटवार किया है। यशवंत सिन्हा ने PM मोदी के शल्य वाले बयान पर जवाब देते हुए खुद को भीष्म बताया है।

यशवंत सिन्हा ने कहा है कि, 'PM मोदी ने अपने बयान में महाभारत के शल्य का जिक्र किया। लेकिन मैं शल्य नहीं भीष्म हूं, भीष्म तो नहीं बोले थे लेकिन मैं बोलूंगा और किसी कीमत पर अर्थव्यवस्था का चीरहरण नहीं होने दूंगा।

दरअशल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को द इंस्टीट्यूट ऑफ कंपनी सेक्रेटरीज ऑफ इंडिया (ICSI) के गोल्डन जुबली समारोह में आर्थिक नीतियों पर हो रही आलोचना का आंकड़ों के साथ जवाब दिया था। पीएम मोदी ने अर्थव्यवस्था पर सवाल उठाने वालों को निराशावादी बताते हुए शल्य से उनकी तुलना की थी।

पीएम मोदी ने कहा था कि कुछ लोग 'शल्य' प्रवृत्ति के हैं, जिनकी आदत निराशा फैलाने की होती है और ऐसे लोगों की पहचान करना काफी जरूरी है। बता दें शल्य महाभारत के युद्ध के दौरान कर्ण का सारथी था। शल्य युद्ध के दौरान कर्ण को हतोत्साहित करते थे।

Similar News