Maharashtra Political Crisis: विधायकों को लेकर असम पहुंचे एकनाथ शिंदे, दो-तिहाई संख्या होने का दावा, उद्धव ठाकरे से मिलेंगे कमलनाथ

Maharashtra Political Crisis: महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली सरकार संकट में नजर आ रही है, शिवसेना के मंत्री एकनाथ शिंदे ने दावा किया है कि उनके साथ 40 विधायक हैं, स्पेशल फ्लाइट से असम पहुंचे सभी विधायक

Update: 2022-06-22 07:04 GMT

Maharashtra Political Crisis: महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे की सरकार को लेकर सस्पेंस लगातार बरकरार है। बागी नेता एकनाथ शिंदे सभी विधायकों के साथ बीजेपी शासित असम के गुवाहाटी पहुंच गए हैं। वे यहां कड़ी सुरक्षा के बीच रेडिसन ब्लू होटल में रुके हुए हैं। शिंदे का दावा है कि उनके साथ करीब 40 विधायक हैं। उन्होंने विधायकों के साथ एक फोटो सेशन भी किया जिसके बाद माना जा रहा है कि उनके साथ करीब 35 विधायक हैं।

एकनाथ शिंदे और सभी विधायक स्पेशल फ्लाइट से बुधवार सुबह सूरत से गुवाहाटी पहुंचे। यहां के नेताओं ने उन्हें रिसीव किया। एयरपोर्ट के बाहर तीन बसों से उन्हें होटल ले जाया गया। इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। होटल के बाहर भी सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता है। यहां एकनाथ शिंदे ने फिर दोहराया कि हम बालासाहेब ठाकरे के हिंदुत्व ​​​​को आगे ले जाएंगे। बताया जा रहा है कि विधायकों के आने से पहले असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा भी होटल गए थे।

इससे पहले शिंदे ने सूरत एयरपोर्ट पर कहा था कि अभी हमने बालासाहेब ठाकरे का हिंदुत्व छोड़ा नहीं है। मैं चाहता हूं कि उद्धव ठाकरे, भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनाएं। एकनाथ ने कहा कि हमारे साथ अभी 40 विधायक गुवाहाटी आए हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि वे शिवसेना के दो तिहाई विधायकों के साथ हैं। बताया जा रहा है कि इनमें 33 विधायक शिवसेना के और 7 विधायक निर्दलीय हैं।

मंगलवार को एकनाथ ने दावा किया था कि मेरे साथ कुल 41 विधायक हैं, जिसमें 34 शिवसेना और 7 निर्दलीय हैं। बाद में खबर आई कि विधायक नितिन देशमुख अस्पताल में भर्ती हैं। ऐसा आरोप लगा कि उनके साथ मारपीट की गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। उनकी पत्नी ने अकोला में एक मिसिंग कंप्लेंट भी लिखवाई है। जिसके बाद महाराष्ट्र पुलिस की एक टीम सूरत पहुंचने वाली है।

उधर मुंबई में चल रहे सियासी गतिविधियों के बीच सीएम उद्धव ठाकरे ने दोपहर 1 बजे कैबिनेट की बैठक बुलाई है। माना जा रहा है कि इस बैठक में आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी। साथ ही ये पता लगाने कि कोशिश की जाएगी कि आखिर कुल कितने विधायक एकनाथ शिंदे के साथ हैं। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी आज महाराष्ट्र जाएंगे। यहां वे सीएम उद्धव ठाकरे और शरद पवार के साथ बैठक करेंगे। ताजा राजनीतिक घटनाक्रमों के मद्देनजर उन्हें एआईसीसी पर्यवेक्षक के तौर पर महाराष्ट्र भेजा जा रहा है।

Tags:    

Similar News