मंच पर पहुंचने से पहले कई नेता गिरे धड़ाम, भीड़ ने तोड़ी बैरिकेडिंग

Update: 2021-12-23 11:34 GMT

अलीगढ़ के इगलास कस्बे में किसान दिवस पर राष्ट्रीय लोक दल और सपा की संयुक्त परिवर्तन रैली में कई हजार लोग आसपास के जिलों से शामिल होने पहुंचे। जयंत चौधरी ने रैली को संबोधित किया। हालांकि इससे पहले संयुक्‍त रैली में भीड़ ने बैरिकेडिंग तोड़ दी। इसके चलते मंच पर पहुंचने से पहले ही कई नेता और कार्यकर्ता धड़ाम से नीचे गिर गए। लोगों ने दौड़कर नीचे गिरे नेताओं-कार्यकर्ताओं को उठाया। इसके बाद रैली शुरू हो सकी।

जयंत चौधरी ने राम राम से अपने भाषण की शुरुआत की। इस दौरान मंच से चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने की आवाज उठी। सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने आवाज उठाई। सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने चौधरी चरण सिंह को नमन करते हुए कहा कि उनकी नीति से ही किसानों की स्थिति बदल सकती है। चौधरी साहब ने कहा था कि गांव किसान की खुशाल होने पर ही देश खुशाल हो सकता है। भाजपा ने  किसानों और युवाओं से झूठ बोला है। चारों तरफ महंगाई का बोलबाला है। देश का लोकतंत्र खतरे में है। भाजपा देश के लोकतंत्र पर कुठाराघात कर रही है। देश की आर्थिक आजादी का झंडा अखिलेश जयंत के महागठबंधन के हाथों में है।


आरएलडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि रैली में जुटी अपार भीड़ हमारे आपके लिए शुभ संदेश है, अखिलेश ओर जयंत का जो हाथ मिला है तो चौधरी चरण सिंह का समीकरण सही होगा। चौधरी चरण सिंह कहते थे कि एक आंख खेत पर रखो और एक देश की राजनीति पर रखो। अखिलेश यादव ने चौधरी चरण सिंह को भरत रत्न देने की मांग की है, आज योगी-मोदी की नींद हराम हो जायेगी। 

भाजपा ने किसानों के साथ छलावा किया है। प्रधानमंत्री ने किसानों की सात साल में आय दोगुनी करने का वायदा किया था, लेकिन किसान आज भी वही हैं। 2016-17 में सपा सरकार में जीडीपी 6.6%, भाजपा राज में 1.9% रह गई है। योगी अर्थशास्त्र को नहीं समझ सकते, वह अधिकारियों के लिखे को पढ़कर हस्ताक्षर करते हैं, इससे प्रदेश की जीडीपी घटी है। प्रदेश में तकनीकी शिक्षा प्राप्त करे 67% युवा बेरोजगार हैं।

आज भाजपा कानून व्यवस्था सुधारने की बात कर रही है, प्रदेश में हर 90 मिनट में दुष्कर्म हो रहा है, हाथरस कांड में यह सरकार अपराधियों को बचा रही है। योगी सरकार ने सत्ता में आने पर अपने नेताओं पर दर्ज मुकदमे वापस लिये। हम एक करोड़ युवाओं को रोजगार देंगे, हमारी सरकार आयी तो हम किसान सम्मान निधि को 6 हजार के स्थान पर 12 हजार कर देंगे। ज्यादा से ज्यादा सपा-आरएलडी गठबंधन के विधायक जिता कर लखनऊ भेजो। आप जब अलीगढ़ और इगलास से ज्यादा से ज्यादा गठबंधन के विधायक जिताओगे तभी इगलास की चमचम खाऊंगा। 

रैली में सपा नेता सलीम शेरवानी ने कहा कि चौधरी चरण सिंह का सपना था कि किसानों की आमदनी कैसे बढ़े। वो किसानों के मसीहा थे। आज उनका सपना पौत्र जयंत चौधरी पूरा कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से 2022 में सपा-रालोद का साथ देने का आह्वान किया।


Tags:    

Similar News