सामाजिक कार्यकर्ता संजीव यादव को दिल्ली में मिलेगा एवार्ड

Social worker Sanjeev Yadav will get award in Delhi

Update: 2024-02-19 09:49 GMT

उत्तर प्रदेश के आगरा एवं अलीगढ़ मंडलों में कुशल प्रशासनिक अधिकारी, खेलों को प्रोत्साहन देने में अग्रणी भूमिका निर्वहन करने वाले ख्यात खेल प्रेमी और क्षेत्र में शिक्षा के व्यापक प्रसार एवं प्रचार की दिशा में सतत प्रयासरत समाज सेवी के रूप में विख्यात संजीव कुमार यादव को सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान हेतु अभी तक प्रख्यात नेशनल जेपी अवार्ड, बाबा आमटे स्मृति राष्ट्रीय सम्मान, ग्लोबल अचीवर्स नेशनल अवार्ड, तिलका मांझी स्मृति राष्ट्रीय सम्मान आदि अनेकों पुरस्कारों/सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है।

 संजीव कुमार यादव स्वामी विवेकानंद कल्याण समिति के तहत एटा जनपद के मुख्यालय पर सकीट रोड स्थित 110 वर्षीय पुराने राजकीय इंटर कालेज के प्रांगण में प्रख्याद शिक्षाविद स्व० बृजपाल सिंह पी ई एस की स्मृति में बीते आठ वर्षों से पुस्तक मेले का आयोजन करते हैं जिसमें देश के राष्ट्रीय पुस्तक न्यास ( एनबीटी), प्रभात प्रकाशन, वाणी प्रकाशन, राजकमल प्रकाशन, निखिल प्रकाशन, गार्गी प्रकाशन, यूनीवर्सल प्रकाशन, ज्ञानदीप प्रकाशन, स्वराज प्रकाशन, स्टारडम प्रकाशन, सामयिक प्रकाशन, बोधि प्रकाशन, समता प्रकाशन आदि ख्यातनामा प्रकाशक भाग लेते हैं। चार दिवसीय इस पुस्तक मेले में प्रकाशकों को निशुल्क आवास, आने-जाने की सुविधा व स्टाल उपलब्ध कराये जाते हैं। इसके पीछे एकमात्र उद्देश्य यह है कि इस अंचल के छात्र/छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं से सम्बंधित पत्रिकाएं, साहित्य, संस्कृति, आध्यात्म, योग, खेल सहित विश्व के महा पुरुषों की जीवनियां, ज्ञानवर्धक साहित्य कम कीमत पर उपलब्ध हो सके। इन पुस्तक मेलों में एटा जिले के ही नहीं, समीपस्थ कासगंज,मैनपुरी, अलीगढ़, हाथरस, फिरोजाबाद, फर्रुखाबाद व आगरा जिले के छात्र/छात्राएं अपने शिक्षकों, प्राचार्यों व अभिभावकों सहित बडी़ संख्या में आते हैं। इसमें सहभागिता हेतु जिला प्रशासन, शिक्षा अधिकारियों, उप शिक्षा निदेशकों आदि स्थानीय प्रशासन का भरपूर सहयोग स्तुतियोग्य है। इन पुस्तक मेलों के आयोजन ने आंचलिक गन कल्चर को बुक कल्चर में बदलने में अहम भूमिका निबाही है। इन पुस्तक मेलों में एशिया के नोबल पुरस्कार के रूप में ख्यात मैग्सेसे से सम्मानित प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता डा० संदीप पाण्डेय, पद्मश्री से सम्मानित प्रख्यात पर्यावरणविद श्री लक्ष्मण सिंह, प्रख्यात पत्रकार एवं नदी-जल विशेषज्ञ श्री पंकज चतुर्वेदी, प्रख्यात शिक्षाविद डा० रक्षपाल सिंह, विश्व जल परिषद के सदस्य डा० जगदीश चौधरी, प्रख्यात समाज विज्ञानी श्री नवीन झा, पर्यावरणविद श्री राजीव बहुगुणा, श्री सुबोध नंदन शर्मा, सर्व सेवा संघ के महासचिव श्री अरविंद सिंह, एडीजीपी श्री अजय चौधरी, एडीजीपी श्री अंशुमान यादव, लोकसेवा आयोग उ०प्र० के सचिव मेजर संजय यादव व उत्तर प्रदेश बाल कल्याण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष मोहम्मद कमर आलम आदि अनेकों शिक्षा, समाज कल्याण, पर्यावरण क्षेत्र आदि की राष्ट्रीय प्रतिभाओं का सदैव न केवल आशीर्वाद प्राप्त होता है बल्कि ये सभी महानुभाव इनमें सहर्ष सहभागिता भी करते हैं।

इसके अतिरिक्त संजीव कुमार यादव क्रीडा़ के क्षेत्र में नौजवानों को प्रशिक्षित करने और मंडल,राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिताओं में भाग लेने हेतु एटा मुख्यालय पर एक प्रशिक्षक का भी स्वयं न केवल भार वहन करते हैं व उनके आवास व भोजन की भी व्यवस्था करते हैं। इसमें स्थानीय फुटवाल संघ और उनकी टीम का योगदान प्रशंसनीय है। मंडलीय व राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में यहां के छात्रों का प्रदर्शन काफी उत्साह वर्धक रहा है। यही नहीं प्रदेश व देश की राजधानी में लोक सेवा आयोग की परीक्षा की तैयारी कर रहे साधनहीन बच्चों की आर्थिक सहायता भी करते रहते हैं।

संजीव यादव बीते वर्ष से चार दिवसीय पुस्तक मेले में आयोजित होने वाली सांस्कृतिक, वाद-विवाद, गायन, वादन, रंगोली, पेंटिंग व कला प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त विजयी छात्र/छात्राओं को दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित विश्व पुस्तक मेले का निशुल्क भ्रमण करा रहे हैं। सबसे बडी़ बात यह कि यादव ने अपनी पत्नी शिक्षिका श्रीमती किरन यादव जो सामाजिक कार्यों में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर बढ़-चढ़कर अनवरत संलिप्त रहती हैं, के साथ मृत्योपरांत शरीर का भी अनुसंधान हेतु उपयोग किया जा सके, इस हेतु बरसों पहले अंगदान की घोषणा कर चुके हैं।

Tags:    

Similar News