अयोध्या में मंदिर कार्यशाला के पास तीन धमाकों से मचा हडकम्प, महिला समेत दो घायल

Update: 2020-02-01 15:45 GMT

अयोध्‍या। शनिवार की शाम हुई बमबारी ने सनसनी फैला दी। हमले में महिला सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह वारदात कोतवाली अयोध्या क्षेत्र में श्री रामजन्मभूमि न्यास कार्यशाला से चंद कदम की दूरी पर स्थित कांशीराम कॉलोनी की है। यह इलाका काफी संवेदनशील माना जाता है। सिलसिलेवार तीन धमाकों से पूरा इलाका दहल गया।

आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। हमले के पीछे महिला के पति का हाथ बताया जा रहा है। हमले में देशी बम का इस्तेमाल किया गया है। एसपी सिटी विजयपाल सिंह, सीओ अयोध्या अमर सिंह व सीओ सिटी अरव‍िंद चौरसिया ने बम स्क्वायड की मदद से घटनास्थल की छनबीन की। घटनास्थल से एक जीवित बम भी बरामद हुआ है, जिसे डिफ्यूज कर दिया गया है।

कांशीराम कॉलोनी की रहने वाली घायल महिला कोमल पत्नी जयकिशन ने बताया कि वह अपने पति से अलग रहती है। महिला का कहना है कि शनिवार की शाम उसने मनोज से सब्जी मंगाई थी। तभी वहां पहुंचे जयकिशन ने उस पर बमबारी की। पति ने उस पर पहले भी हमला किया, जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। वहीं घायल युवक कजियाना निवासी मनोज यादव का कहना है कि बमबारी के वक्त वह कोमल के घर के पास था। तभी उस पर भी बमबारी की गयी। पहले बम से वह बच गया, जबकि दूसरे और तीसरे विस्फोट में उसका एक हाथ क्षतिग्रस्त हो गया।

सीओ अयोध्या अमर सिंह का कहना है कि कांशीराम कॉलोनी में मनोज और कोमल को घर में देख कर जयकिशन को दोनों के संबंधों पर संदेह हो गया। उसने अपने एक साथी के साथ बमबारी की, जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मनोज के साथ उसका एक और साथी सुरेश भी मौजूद था।

Tags:    

Similar News