गोरखपुर के टॉप मोस्ट माफिया सुधीर सिंह के बाद अब विनोद उपाध्याय की संपत्ति होगी जब्त

विनोद उपाध्याय बसपा के सिंबल पर गोरखपुर सदर से लड़ चुके हैं विधानसभा का चुनाव

Update: 2022-05-31 03:45 GMT

यूपी के टाप 61 माफियाओं की सूची में शामिल गोरखपुर के पिपरौली ब्लाक के पूर्व ब्लाक प्रमुख सुधीर सिंह की 10 करोड़ की संपत्ति अंतिम रूप से पुलिस और प्रशासन ने जब्त कर ली। सुधीर सिंक का नाम प्रदेश की सूची के साथ ही जिले और जोन के टाप टेन माफिया की सूची में भी शामिल है। कुर्की की यह कार्रवाई डीएम विजय किरण आनंद के आदेश पर तहसीलदार ने की है। सदर व सहजनवां तहसील के तहसीलदार ने सुधीर सिंह के दो मकान, जमीन, गाड़ी को कब्जे में लेने के साथ ही चार बैंक खाते सीज कर दिया है।

*38 मुकदमे दर्ज हैं सुधीर सिंह पर*

पिपरौली ब्लाक के पूर्व प्रमुख सुधीर सिंह पर कुल 38 मुकदमे दर्ज है। शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन चिन्हित माफिया पर गैंगस्टर की कार्रवाई करने के साथ ही अपराध से अर्जित संपत्ति को जब्त कर रहा है। इसी क्रम में सुधीर की दो फाच्र्यूनर गाड़ी, शाहपुर के एल्युमिनियम फैक्ट्री और सहजनवां के कालेसर स्थित मकान, तीन बीघा जमीन काे जब्त कर लिया गया है। सुधीर व उसकी पत्नी के नाम से आइसीआइसीआइ और एचडीएफसी बैंक में चार खाते हैं, जिसे जिलाधिकारी ने सीज कर दिया है। दो साल पहले भी जिला प्रशासन ने सुधीर की संपत्ति को जब्त किया था।

*बसपा से विधानसभा चुनाव लड़ चुका है सुधीर*

सुधीर सिंह बसपा के टिकट पर 2022 का विधानसभा चुनाव भी लड़ चुका है। वह सहजनवा से चुनाव लड़ा था। उसपर रंगदारी, गैंग बनाकर जमीनों को कब्जा करने का आरोप है। साथ ही हत्या और हत्या के प्रयास के भी केस दर्ज हैं।

*अब निशाने पर माफिया विनोद*

सुधीर पर कार्रवाई होने के बाद अब प्रशासन के निशाने पर जिले का एक और माफिया विनोद उपाध्याय है। जिसकी संपत्ति का विवरण तहसील प्रशासन व पुलिस ने जुटा लिया है।टाप 10 बदमाशों की सूची में शामिल होने के बाद भी अभी तक इस माफिया पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पायी थी। जिलाधिकारी विजय किरन आनन्द के निर्देश पर माफिया पर शिकंजा कसने की तैयारी चल रही है। विनोद का भी नाम यूपी के माफिया लिस्ट में है। वहीं यूपी के माफिया सूची में शामिल बिहार के दो बार विधायक रह चुके और श्रीप्रकाश शुक्ला के साथी रहे राजन तिवारी,प्रदीप सिंह आदि के संपत्ति की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

Tags:    

Similar News