गोरखपुर में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष की गोली मारकर की गई हत्या

Update: 2019-05-06 11:36 GMT

गोरखपुर के खोराबार के लहसड़ी में रविवार रात रंजिश में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के दामाद कमलेश की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपित असलहा लहराते हुए फरार हो गए। जिला अस्पताल में परिवार के लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए घंटों हंगामा किया।

भाजपा नेता एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा साहनी लहसड़ी के भागलपुर टोला में रहती हैं। गांव के कुछ लोगों से उनका भूमि विवाद है। पांच साल पहले इसी विवाद में उनके बेटे की हत्या कर दी गई। घटना के बाद शोभा की तीसरे नंबर की बेटी राजकुमारी उर्फ गुड्डी अपने पति कमलेश और बच्चों संग उनके साथ रहती थीं।

रविवार को पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष के पड़ोसी दीपक साहनी की बहन की शादी थी। रात 10 बजे बरात गांव में पहुंची। नाचने के दौरान गांव के युवकों में मारपीट हो गई। लड़ते हुए दोनों पक्ष के लोग शोभा साहनी के दरवाजे पर पहुंच गए। शोर सुनकर घर से बाहर निकले कमलेश बीच-बचाव करने लगे।

आरोप है कि इसी बीच गांव के शैलेंद्र साहनी, सिपाही, महेंद्र, लक्ष्मी और अजीत सिंह पहुंच गए। आते ही इन लोगों ने कमलेश के सिर, सीने और पेट में गोली मार दी। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिवार के लोग कमलेश को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। एसएसपी डॉ. सुनील गुप्ता ने बताया कि आरोपितों की तलाश चल रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Tags:    

Similar News