कानपुर हिंसा पर पुलिस का एक्शन : 3 FIR, अब तक 36 गिरफ्तार, 1000 पर केस, चलेगा बुलडोजर

पुलिस कमिश्नर विजय सिंह मीणा ने बताया कि 36 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

Update: 2022-06-04 05:16 GMT

कानपुर में हुई हिंसा में अब तक 3 FIR दर्ज हो चुकी हैं। दो FIR पुलिस ने दर्ज की हैं। एक चंदेश्वर हाते में रहने वाले लोगों की तरफ से दर्ज कराई गई है। रात 2 बजे यतीमखाना की सड़क पर पुलिस कमिश्नर और DM ने फ्लैग मार्च किया। घरों में दबिश देकर संदिग्ध उपद्रवियों को हिरासत में लिया गया।

पुलिस कमिश्नर विजय सिंह मीणा ने बताया कि 36 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अभी भी हमारे पास बरामद फोटोज से अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है। 40 नामजद और 1,000 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज है। इन आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। उनकी संपत्तियों को जब्त किया जाएगा और बुल्डोजर भी चलेगा। उधर, परौंख से लौटते वक्त एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री ने उपद्रवियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।

दरअसल पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ'अपमानजनक' टिप्पणियों के विरोध में शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद यहां हिंसा भड़क गई थी। पुलिस ने बताया कि कानपुर के परेड, नई सड़क और यतीमखाना इलाके में हिंसा हुई थी। पुलिस कमिश्नर विजय मीणा का कहना है कि दुकानों में लगे सीसीटीवी के डीवीआर मिलने के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कमिश्नर ने इसके साथ ही कहा कि इस मामले में तीन एफआईआर दर्ज की गई है, जिसमें 2 पुलिस की तरफ से और एक पीड़ित पक्ष की तरफ से तहरीर प्राप्त होने के बाद मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस कमिश्नर का कहना है कि शहर में स्थितियां सामान्य है और आज सभी दुकानें विधिवत तरीके से खोली जाएंगी। वहीं राष्ट्रपति का कार्यक्रम घटनास्थल से महज 300 मीटर दूरी पर होना है वहां भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं।

पुलिस की तरफ से पीएसी की कई कंपनियां कानपुर में आ बुलाई गई हैं। शहर में आज राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी 11:00 बजे तक रहेंगे। राष्ट्रपति मर्चेंट चेंबर में व्यापारियों के साथ मीटिंग करेंगे, इसलिए पुलिस हर तरह से सख्ती बरत रही है। पुलिस ने बवाल करने वाले पूरे इलाके को चारों तरफ से घेर लिया है।

Tags:    

Similar News