UP से चौंकाने वाला मामला: 1 साल से चम्मच खा रहा था युवक, ऑपरेशन करने पर निकली इतनी चम्मचें कि डॉक्टर भी हो गए हैरान

उसके पेट से निकाली गई चम्मचों का आगे का हिस्सा गायब था।

Update: 2022-09-28 05:58 GMT

मुजफ्फरनगर : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स के पेट से स्टील की 62 चम्मचें निकाली गई हैं। फिलहाल उसका इलाज आईसीयू में चल रहा है। डॉक्टरों के पूछने पर उसने बताया कि वह एक साल ये चम्मचें खा रहा था। उसके पेट से निकाली गई चम्मचों का आगे का हिस्सा गायब था। वहीं, परिजनों का आरोप है कि नशा मुक्ति केंद्र में उसे ये चम्मचें खिलाई गई हैं।

यह मामला उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के थाना मंसूरपुर क्षेत्र के गांव बोपाडा का है। यहां 32 साल के एक शख्स विजय को पेट में दर्द की शिकायत हुई। जब दर्द ज्यादा हुआ तो उसके घर वाले उसको डॉक्टर के पास दिखाने ले गए। इसके बाद उसको शहर के एक हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टर ने उसका तुरंत ऑपरेशन करने के लिए कहा।

ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों ने जो देखा वह बेहद चौंकाने वाला था। ऑपरेशन में उसके पेट से 62 चम्मचें निकाली गईं, जिनका आगे का हिस्सा गायब था। इन चम्मचों के कारण ही उसको पेट दर्द हो रहा था। डॉक्टर ने 2 घंटे को ऑपरेशन में विजय के पेट से ये चम्मचें निकाली हैं। इसके बाद उसको आईसीयू में शिफ्ट कर दिया गया, जहां उसका इलाज किया जा रहा है।

शख्स का इलाज करने वाले डॉक्टर राकेश खुराना ने बताया कि 32 साल के एक मरीज विजय से पूछा गया कि क्या उसने ये चम्मचें खाई हैं। तो मरीज ने कहा कि हां उसने ही ये चम्मचें खाई हैं। डॉक्टर भी इस वाकिए से बेहद हैरान हैं क्योंकि यह पहला ऐसा मामला उनके सामने आया है। डॉक्टर ने बताया की विजय 1 साल से ये चम्मचें खा रहा था।

उसके पेट से निकाली गई चम्मचों का वीडियो और फोटो भी चारों तरफ वायरल हो रहा है, जिस पर खूब चर्चाएं हो रही हैं। डॉक्टरों का भी कहना है कि ऐसा केस पहली बार देखा है। उनको हैरत है कि आखिर कोई इतनी चम्मचें कैसे खा सकता है और कोई ऐसा क्यों करेगा। वहीं, विजय के परिजनों का कहना है कि नशा मुक्ति केंद्र में उसे ये चम्मचें खिलाई गई हैं। उन्होंने बताया कि विजय को नशे की आदत थी। नशा छुड़ाने के लिए उसे नशा मुक्ति केंद्र भी भेजा गया था। उनका आरोप है कि वहीं विजय को चम्मचें खिलाई गई हैं।

Tags:    

Similar News