बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह लड़ेंगें इस सीट से चुनाव

Update: 2019-03-18 10:06 GMT

बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह के गुजरात की गांधीनगर सीट से चुनाव लडना तय माना जा रहा है। पार्टी के सबसे वरिष्ठ और बुजुर्ग नेता लालकृष्ण आडवाणी इस बार लोकसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगे और उनकी सीट से पार्टी अध्यक्ष अमित शाह चुनाव लड़ेंगे। अभी यह तय नहीं है कि आडवाणी को पार्टी राज्यसभा में भेजेगी या उनके सक्रिय राजनीतिक जीवन पर पूर्णविराम लगा देगी।


जानकार सूत्रों का कहना है कि शाह के जीत जाने के बाद उनकी खाली होने वाली राज्यसभा सीट से आडवाणी को उच्च सदन में भेजा जा सकता है। इसके बारे में फैसला चुनाव के बाद होगा। फिलहाल तो आडवाणी की टिकट कटने की संभावना है। बहरहाल, अगर अमित शाह गुजरात की गांधीनगर सीट से चुनाव लड़े तो इस बात की संभावना बहुत कम रह जाएगी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी लोकसभा का चुनाव गुजरात से ही लड़ें। पिछली बार वे वडोदरा सीट से चुनाव लड़े थे और इस बार भी उनके गुजरात के किसी सीट से लड़ने की चर्चा थी।


पर भाजपा के जानकार सूत्रों का कहना है कि अमित शाह लड़ेंगे तो मोदी गुजरात से नहीं लड़ेंगे। फिर वे किसी दूसरी राज्य से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी संसदीय बोर्ड ने उनके फिर से अपनी मौजूदा वाराणसी सीट से लड़ने पर मुहर लगा दी है। उनकी दूसरी सीट ओड़िशा में पुरी की हो सकती है। इससे भाजपा को पूर्वी भारत में खास कर ओड़िशा, पश्चिम बंगाल, बिहार और झारखंड में माहौल बनाने में मदद मिलेगी। इन चार राज्यों से भाजपा को बहुत उम्मीदें हैं।

Similar News