रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने कहा, देश की सबसे ताकतवर प्रधानमंत्री थी इंदिरा गांधी
नई दिल्ली : रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने आज पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को 'देश की सबसे ताकतवर प्रधानमंत्री' बताया। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के कार्यक्रमों के दौरान प्रभु ने यह बात कही।
उन्होंने कहा, 'अमेरिका में अब तक कोई महिला राष्ट्रपति नहीं हुई, लेकिन हमारे यहां राष्ट्रपति, लोक सभा स्पीकर और प्रधानमंत्री सभी पदों पर महिलाएं रह चुकी हैं। इंदिरा गांधी देश की सबसे ताकतवर प्रधानमंत्री थीं।'
सुरेश प्रभु ने कहा कि दुनिया भर में कई महिलाएं हैं जिन्होंने अपने प्रदर्शन से काबिलियत के मामले में पुरुषों के लिए मापदंड काफी बढ़ा दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं ने भारत में एक अलग तरह की कार्य संस्कृति को स्थापित किया है। उन्होंने कहा, 'रेलवे में भी बहुत सारी महिला कर्मचारी हैं और वे बहुत अच्छा काम कर रही हैं। सामान्य तौर पर महिलाएं जहां कहीं भी होती हैं, वहां बेहतर काम ही करती हैं।' मालूम हो कि भारतीय रेलवे में लगभग 13 लाख कर्मचारी हैं। इनमें महिला कर्मियों की संख्या लगभग एक लाख के करीब है।
इंदिरा प्रियदर्शिनी गाँधी भारत की पहली और अब तक की एकमात्र महिला प्रधानमंत्री हैं। इंदिरा गाँधी ने 1966 से 1977 और 1980 से 1984 में उनकी हत्या तक देश की सेवा की। वे भारत की सबसे ज्यादा समय तक प्रधानमंत्री रहने के मामले में दुसरे स्थान पर थी और प्रधानमंत्री कार्यालय सँभालने वाली वो अब तक की अकेली महिला रही है।