बाल दिवस : प्रियंका ने नेहरू से जुड़ा प्रसंग साझा किया

Update: 2019-11-14 11:46 GMT

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने गुरुवार को अपने दादा और देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू से जुड़ा एक प्रसंग साझा किया। प्रियंका ने नेहरू की जयंती के मौके पर उनकी तस्वीर के साथ ट्वीट किया, "मेरे दादा जी से जुड़ा एक दिलचस्प प्रसंग है। जब वे प्रधानमंत्री थे, तब वे एक बार काम से तड़के तीन बजे घर लौटे। उन्होंने देखा कि उनका बॉडीगार्ड काफी थका हुआ था और उनके बेड पर सो गया था। उन्होंने उसे कंबल ओढ़ाया और खुद बगल में रखी कुर्सी पर सो गए।"

इस प्रसंग को याद करते हुए प्रियंका ने लिखा,"कई बार कुछ सामान्य बातें आपको एक व्यक्ति के बारे में उसकी अन्य गौरवशाली कहानियों की तुलना में बहुत कुछ कहती हैं।" इससे पहले, राहुल गांधी ने नेहरू जी की 130वीं जयंती के मौके पर श्रद्धांजलि दी और उन्हें 'आधुनिक भारत के निर्माता' की संज्ञा दी। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने दिल्ली में उन्हें श्रद्धांजिल अर्पित की।

जवाहरलाल बच्चों के बीच चाचा नेहरू के रूप में प्रसिद्ध थे

पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का जन्म 14 नवंबर 1889 में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में हुआ था। उनका निधन 27 मई 1964 में हुआ था। वह 15 अगस्त 1947 को देश के पहले प्रधानमंत्री बने थे। उन्होंने देश की आजादी के लिए स्वतंत्रता संघर्ष में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनकी जयंती के अवसर को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। बाल दिवस या चिल्ड्रन डे को मनाने का फैसला उनके निधन के बाद लिया गया। बच्चों के बीच वे चाचा नेहरू के रूप में प्रसिद्ध थे। 



Tags:    

Similar News