Live Updates Lakhimpur Kheri :10 पॉइंट्स में समझें लखीमपुर खीरी में कब क्या हुआ सुबह आठ बजे से शाम तक

लाइव अपडेट लखीमपुर खीरी किसान संघर्ष

Update: 2021-10-03 17:38 GMT

लखीमपुर में हुए हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है, हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी चार मौतों की पुष्टि हुई है। बताया जाता है कि सुबह आठ बजे से ही किसान लखीमपुर खीरी के बेनीपुर गांव में बने हेलीपैड पर करीब 200 किसान धरने पर बैठे थे। ये गांव केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी का है। यहीं केशव मौर्य का कार्यक्रम तय था। किसानों के प्रदर्शन के चलते डिप्टी सीएम का कार्यक्रम बदल गया और वह सड़क मार्ग से होते हुए लखीमपुर पहुंचे। बीच सड़क डिप्टी सीएम केशव मौर्य और केंद्रीय राज्य मंत्री अजय मिश्र के काफिले को काला झंडा दिखाते समय ये हादसा हुआ।

10 पॉइंट्स में समझें कब, क्या और कैसे हुआ...?  

1. लखीमपुर में कई सरकारी योजनाओं के शिलान्यास के लिए प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का कार्यक्रम तय था। इसमें केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी को भी शामिल होना था। अजय मिश्र लखीमपुर खीरी के ही रहने वाले हैं और यहीं से सांसद हैं।

2. डिप्टी सीएम के कार्यक्रम की जानकारी मिलते ही सुबह आठ बजे करीब 200 किसान अजय मिश्र टेनी के गांव बेनीपुर पहुंच गए। यहां केशव मौर्य का हेलीकॉप्टर उतरना था। 

3. तीन कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों ने हेलीपैड को पूरी तरह से घेर लिया और बीच में बैठ गए। प्रशासनिक अफसरों ने करीब दो घंटे तक किसानों को समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई नहीं हटा। 

4. आनन-फानन में डिप्टी सीएम का कार्यक्रम बदला गया और उन्हें सड़क मार्ग से लखीमपुर लाया गया। यहां उन्होंने करीब 12 बजे एक गेस्ट हाउस में कई सरकारी योजनाओं का शिलान्यास किया। 

5. डिप्टी सीएम ने करीब एक बजे भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इसके बाद वह सड़क मार्ग से तिकुनिया के लिए निकले। यहां उन्हें एक दंगल के कार्यक्रम में शामिल होना था।  

6. डिप्टी सीएम के तिकुनिया जाने की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में किसान तिकुनिया की सड़कों पर जुट गए। जब डिप्टी सीएम और केंद्रीय राज्य मंत्री अजय मिश्र का काफिला गुजरा तो किसान उन्हें काले झंडे दिखाने लगे। 

7. आरोप है कि काले झंडे दिखा रहे किसानों पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्र टेनी के बेटे आशीष ने गाड़ी चढ़ा दी। इसमें दो किसानों की मौत हो गई। इसके बाद गाड़ी पलटने से चार और किसानों की जान चली गई। इस तरह से हादसे में 6 किसानों की जान चली गई। हांलाकि, प्रशासन ने अभी चार मौतों की ही पुष्टि की है। 

8. हादसे से आक्रोशित किसानों ने आशीष की गाड़ी पर हमला कर दिया। किसी तरह आशीष गन्ने की खेत से होकर भाग निकला, जबकि उसके ड्राइवर को भीड़ ने पीटकर मार डाला।

9. किसानों की मौत से उग्र भीड़ ने मौके पर तीन गाड़ियों में आग लगा दी। पुलिस पर पथराव करने की सूचना भी है। 

10. बवाल बढ़ता देख मौके पर कई थानों की फोर्स लगा दी गई। आईजी, एडीजी समेत कई पुलिस व प्रशासनिक अफसर पहुंचे। सीएम ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। 

Read more: https://www.amarujala.com/uttar-pradesh/lakhimpur-kheri-live-updates-farmers-and-government-clash-union-state-minister-ajay-mishra-s-son?src=bigstory&fbclid=IwAR3vQUd85pBWMxgHIJo3x_Cvl9Ayw__bdkaSqvb0HYYth8v6wxMutWEvChs&pageId=10

Tags:    

Similar News