कोई रूठे नहीं कोई छूटे नहीं सभी कार्यकर्ता एक जुट होकर आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में लग जाएं -उपमुख्यमंत्री केशव

Update: 2018-10-02 05:12 GMT

शशांक मिश्रा 


इलाहाबाद पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विज्ञान परिषद में आयोजित पांच लोकसभा क्षेत्रों फूलपुर, इलाहाबाद, कौशाम्बी,प्रतापगढ़ तथा अमेठी की चुनाव संचालन समिति की बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कोई रूठे नहीं कोई छूटे नहीं सभी कार्यकर्ता एक जुट होकर आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारियों में लग जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता घर घर जनसंपर्क करके अपने क्षेत्र की जनता तक वर्तमान मोदी और योगी सरकार की उपलब्धियों को पहुचायें। ताकि आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी को इसका लाभ मिल सके और देश मे पुनः भारी बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बने।


उन्होंने कहा कि हमारे पास देश एवं प्रदेश की जनता को बताने के लिए बहुत सी उपलब्धियां और जन कल्याणकारी योजनाएं हैं जिन्हें वर्तमान मोदी और योगी सरकार ने प्रारम्भ किया है और बड़ी संख्या में देश एवं प्रदेश की जनता को उनका लाभ मिल रहा है। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री सुनील बंसल ने लोकसभा एवं विधानसभा वार गठित चुनाव संचालन समिति के कार्यशैली पर प्रकाश डाला और संगठनात्मक समीक्षा की।



बैठक को सम्बोधित करते हुए क्षेत्र संगठन मंत्री रत्नाकर ने कहा कि चुनाव में विजय का मार्ग बूथ से निकलता है। इसलिए हमारा बूथ सबसे मजबूत होना चाहिए। उन्होंने आगामी छः माह के कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी भी दी और सभी से संगठन की अपेक्षा पर खरा उतरने की अपील की। भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष महेश चन्द्र श्रीवास्तव ने स्वागत उद्बोधन में बैठक की प्रस्तावना रखी। इससे पूर्व दीप प्रज्वलन एवं भारत माता,डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पण्डित दीनदयाल उपाध्याय जी चित्रों पर माल्यर्पण के तथा राष्ट्रगान के साथ बैठक का उद्घाटन हुआ।

Similar News