भदोही में दुर्गा पूजा पंडाल में आग लगी, 50 से ज्यादा लोग झुलसे

Update: 2022-10-02 17:52 GMT

यूपी के भदोही में रविवार देर शाम एक दुर्गा पूजा पंडाल में आग लग गई। देखते ही देखते पूरा पंडाल धू-धूकर जलने लगा। आग इतनी भीषण थी कि ऊंची लपटें देख हर कोई सहम उठा। आग लगने की खबर से पंडाल में भगदड़ मच गई। इसमें 50 से अधिक लोग झुलस गए। झुलसने वालों में महिलाएं और बच्चे अधिक रहे।

औराई कोतवाली से चंद कदम दूर स्थित एकता दुर्गा पंडाल में रविवार की रात करीब आठ बजे आरती के समय आग लग गई। चपेट में आने से 50 से अधिक लोग झुलस गए। सूचना मिलते डीएम-एसपी सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और दमकल टीम पहुंच गई। झुलसे बच्चों और महिलाओं को सीएचसी संग कई निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया।


पंडाल में जमा थे 150 से ज्यादा लोग

औराई-भदोही मार्ग पर स्थित एकता क्लब का पंडाल काफी आकर्षक होने से यहां नवरात्र में बड़ी भीड़ जुटती है। रविवार शाम आठ बजे 150 से अधिक महिला-पुरूष पंडाल की आरती में शामिल होकर जयकारा लगा रहे थे। पंडाल में डिजिटल शो भी चल रहा था। उसी दौरान अचानक पंडाल में आग लग गई। जिसे देख वहां भगदड़ मच गई। आग तेजी से पंडाल में फैली।

आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। कुछ लोगों का मानना है कि शार्ट सर्किट से आग लगी जबकि कुछ लोग आरती से आग लगने का कारण मान रहे हैं। समाचार लिखे जाने तक यह स्पष्ट नहीं हो सका कि कितने लोग झुलसे हैं, लेकिन एक अधिकारी के मुताबिक 50 से अधिक लोग झुलस गए।


झुलसे लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंदं औराई, सूर्या ट्रामा सेंटर सहित अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती कराया। जहां सभी का उपचार चल रहा है। डीएम गौरांग राठी और एसपी डॉ. अनिल कुमार सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए है। घटना स्थल पर अफरातफरी की स्थिति है।

Tags:    

Similar News