मुगलसराय रेलवे स्टेशन का नाम बदलने के बाद अब 'मुगलसराय रेल मंडल' नया नाम होगा ये

Update: 2020-01-20 07:27 GMT

मुगलसराय रेल मंडल का नाम बदलने की अधिसूचना जारी कर दी गई है. पूर्व मध्य रेल के अंतर्गत आने वाले मुगलसराय रेल मंडल का नया नाम पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेल मंडल होगा. इससे पहले, मुगलसराय जंक्शन का नाम भी बदला गया था. बता दें कि दिल्ली-हावड़ा रेल रूट के सर्वाधिक व्यस्ततम रेलवे स्टेशनों में गिने जाने वाले मुगलसराय जंक्शन का नाम पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर पहले ही किया जा चुका है इस क्रम में मुगलसराय कोतवाली का नाम भी बदलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय रखे जाने का निर्देश दिया गया है।

5 अगस्त 2018 को मुगलसराय जंक्शन का नाम बदलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर रखा गया था। उस समय रेलमंडल का नाम नहीं बदला जा सका था। 18 माह के बाद रेलवे बोर्ड ने मुगलसराय रेलमंडल का नाम बदलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय रखे जाने की घोषणा की। रेलवे बोर्ड ने लिखित निर्देश देकर नाम बदले जाने की सूचना भेज दी है। डीआरएम पंकज सक्सेना ने बताया कि रेलवे बोर्ड की ओर से रेलमंडल का नाम बदले जाने का पत्र आया है। जल्द ही रेलमंडल का नाम बदलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय रखा जाएगा।

बता दें, मुगलसराय रेलवे जंक्शन पर 1968 में दीन दयाल उपाध्याय मृत पाए गए थे. इसीलिए योगी सरकार ने इस जंक्शन का नाम बदलने का निर्णय किया था. इसके बाद अब तहसील का नाम भी बदलकर दीनदयाल उपाध्याय के नाम पर रखने के लिए हरी झंडी दे दी गई है।

 

 

Tags:    

Similar News