देवरिया में बड़ा हादसा, सरयू नदी में नाव पलटने से पांच की मौत, 10 लापता

इस हादसे में करीब 10 लोग लापता बताए जा रहे हैं।

Update: 2020-08-05 15:51 GMT

देवरिया : उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में बुधवार की शाम सरयू नदी में नांव पलटने से तीन बच्चों समेत पांच लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में करीब 10 लोग लापता बताए जा रहे हैं। हादसे के शिकार लोग मऊ जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के चक्की मूसाडोही गांव के रहने वाले हैं। मौके पर पहुंचे प्रशासन के लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है।

मऊ जिले के मधुबन थाना क्षेत्र के ग्रामीण अकसर मईल के तेलिया कला में बाजार करने आने का सिलसिला बना रहता है। लोग बाजार हाट करने आते-जाते रहते हैं। इन दिनों सरयू नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ है। बुधवार की शाम करीब 6 बजे मधुबन के चक्की मूसाडोही गांव के करीब 15 ग्रामीण एक छोटी नाव से बाजार करने तेलिया कला आ रहे थे। बीच नदी में नाव नाविक के काबू से बाहर हो गई। नाविक ने उसे नियंत्रित करने के लिए काफी प्रयास किया लेकिन असफल रहा और नाव समेत सभी सवार डूब गए।

गोताखोरों की मदद से लापता लोगों की तलाश जारी

किनारे पर कुछ लोगों ने देखकर मदद के लिए शोर मचाया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने लोगों को बचाने का प्रयास करने के साथ ही प्रशासन को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने तीन बच्चे और दो महिलाओं का शव बरामद करवा है। करीब 10 लोग लापता बताए जा रहे हैं। गोताखोरों की मदद से गायब लोगों की तलाश की जा रही है।

वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस पूरे घटना का संज्ञान लेते हुए मुआवजे का ऐलान किया है। साथ ही इस घटना पर शोक भी व्यक्त किया है। 

Tags:    

Similar News