दोस्त की पैरवी करने पर युवक की गोली मारकर हत्या

Update: 2019-06-07 13:00 GMT

एटा: अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव मितौलिया में एक युवक की हत्या कर दी गई। आरोपी उससे इस बात पर खुन्नस माने थे क्योंकि उसने कुछ दिन पूर्व अपने मित्र की एक मामले में पैरवी की थी। मृतक के भाई ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।

थाना अलीगंज क्षेत्र के गांव मितौलिया निवासी मनोज ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए पुलिस को बताया कि उसके गांव के ही सोनपाल से दस दिन पहले किशनलाल के साथ झगड़ा हो गया था। जिसमें उसके भाई अवनेश (28) ने सोनपाल की मदद की थी।

गुरुवार को गांव में भागवत का भंडारा हुआ था। जिसका प्रसाद देने के लिए उसका भाई सोनपाल के घर गया था। उसी समय किशनलाल, सतीश और श्रीकृष्ण ने एक राय होकर उसके भाई को गोली मार दी। गोली लगने के बाद उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने उसे गंभीर बता आगरा रेफर कर दिया। आगरा ले जाते समय युवक की मौत हो गई। घटना की रिपोर्ट मृतक के भाई ने तीनों लोगों के खिलाफ दर्ज कराई है।

एएसपी संजय कुमार ने जानकारी दी कि घटना की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। पुलिस की टीम आरोपियों को पकड़ने के लिए लगाई है। जल्द ही आरोपियों को पकड कर जेल भेजा जाएगा।

Tags:    

Similar News