फतेहपुर मे घर के अंदर आधी रात युवक की गला रेतकर हत्या

Update: 2020-01-30 13:51 GMT

फतेहपुर: हुसैनगंज थानांतर्गत चांदपुर गांव में गुरुवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब घर के अंदर धार्मिक प्रवृत्ति वाले युवक की घर के अंदर धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। रात में ही फोर्स के साथ पहुंचे एसपी ने घटना की पड़ताल की तो परिवार वालों ने पत्नी पर प्रेमी के साथ मिलकर युवक की हत्या करने का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने भी युवक का मृदुभाषी और किसी से रंजिश न होने की बात कही।

चांदपुरगांव 36 वर्षीय यशवंत लाल सिंह खेती बाड़ी करते थे और पत्नी के साथ गांव के मकान में रहते थे। उसके बड़े भाई कालिका सिंह और रवींद्र लाल भारती परिवार के साथ फतेहपुर शहर में रहते हैं। बुधवार की रात यशवंत और उसकी पत्नी प्रतीक्षा खाना खाकर सो गए। रात दस बजे अचानक प्रतीक्षा ने शोर मचाना शुरू कर दिया। चीख पुकार सुनकर पड़ोसी जागकर उसके घर पहुंचे तो नजारा देखकर सन्न रह गए। यशवंत का रक्तरंजित शव कमरे में पड़ा था और प्रतीक्षा जोर जोर से चिल्ला रही थी। यशवंत की धारदार हथियार से हत्या किए जाने की सूचना ग्रामीणों ने पीआवी को दी।बुधवार रात 11 बजे पीआरवी पहुंची और युवक की हत्या की सूचना अफसरों को दी। रात 1 बजे एसपी प्रशांत वर्मा, सीओ सिटी केडी मिश्रा पहुंचे और थानाध्यक्ष निशिकांत राय के साथ जांच पड़ताल की।

पुलिस को मौके से सर्जिकल गलब्स (ऑपरेशन में काम आने वाले रबर के दस्ताने) बरामद हुए। एसपी के निर्देश पर फॉरेंसिक टीम ने फिंगर प्रिंट समेत साक्ष्य संकलित किए। भाई रवींद्र पाल की शिकायत पर पुलिस ने प्रतीक्षा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पूछताछ के समय भाई रवींद्र सिंह ने पुलिस को जब कुछ जानकारियां दी तो प्रतीक्षा पर शक गहरा गया।

रवींद्र ने बताया कि यशवंत ने वर्ष 2011 में पहली पत्नी की मौत होने के बाद वर्ष 2015 में शहर के हरिहरगंज मोहल्ला निवासी प्रतीक्षा से दूसरा विवाह किया था। पहली पत्नी से एक बेटी है, जिसे यशवंत प्रतीक्षा के दबाव बनाने पर ननिहाल में छोड़ आया था। वह काफी समय से अपने ननिहाल में रह रही है। उसने आरोप लगाया कि प्रतीक्षा का किसी दूसरे युवक से प्रेम संबंध हैं। अपने प्रेमी के साथ मिलकर प्रतीक्षा ने ही भाई को जहर देने के बाद धारदार हथियार से हत्या की है। सीओ सिटी केडी मिश्रा ने बताया कि घटना की पड़ताल की जा रही है।

Tags:    

Similar News