4 साल का प्यार, 4 दिन पहले हुई थी शादी, पति ने जान दी तो अगले दिन पत्नी ने लगाई फांसी?

दोनों की अभी 29 जून को शादी हुई थी?

Update: 2020-07-04 17:04 GMT

गाजियाबाद के गोविंदपुरम के आरके पुरम में रहने वाले निजी शिक्षक विशाल और उनकी पत्नी निशा ने संदिग्ध परिस्थिति में आत्महत्या कर ली। गोविंदपुरम में कोचिंग सेंटर चलाने वाले विशाल और नोएडा की एक प्रतिष्ठित कंपनी में उच्च पद पर कार्यरत निशा की शादी 29 जून को हुई थी। इस घटना से दोनों परिवारों में शोक का माहौल है। हालांकि, अभी तक नवदंपति की आत्महत्या की वजह साफ नहीं हो सकी है।

गोविदपुरम स्थित आरकेपुरम निवासी विशाल प्रजापति (27) का चार साल से गोविदपुरम की कैलाशपुरम कालोनी निवासी निशा गौतम से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। विशाल कोचिग इंस्टीट्यूट चलाते थे, जबकि निशा नोएडा स्थित निजी अमेरिकन कंपनी में पर नौकरी करती थीं। लॉकडाउन की वजह से निशा घर से ही कंपनी का काम कर रही थीं। विशाल के पिता धर्मपाल ने बताया कि सोमवार को दोनों की इच्छा से उनकी शादी कराई थी। शादी के बाद विशाल और निशा बहुत खुश थे। मंगलवार रात को विशाल अपनी पत्नी के साथ ससुराल गया था और उसी रात को लौट आया था। बृहस्पतिवार को सुबह सात बजे घर से बिना बताए विशाल कार लेकर निकल गया। देर शाम तक वह घर नहीं लौटा तो उसकी तलाश की गई। जब उसका कहीं सुराग नहीं लगा तो रात को आठ बजे उन्होंने 112 नंबर पर पुलिस को फोन किया। घर पहुंची पुलिस ने सभी थाने में जानकारी की तो कविनगर पुलिस ने विशाल की आत्महत्या की जानकारी दी। पुलिस ने स्वजनों को उसकी फोटो दिखाई तो उन्होंने उसकी पहचान अपने बेटे के रूप में कर ली। पुलिस ने बताया कि महरौली फाटक के पास विशाल ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या की।

विशाल की मौत के बाद नवविवाहिता बहुत ज्यादा गमजदा हो गई थी। विशाल के अंतिम संस्कार के बाद निशा को उसके स्वजन अपने साथ कैलाशपुरम ले गए थे। शुक्रवार रात डेढ़ बजे निशा ने भी फांसी लगा ली। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

पति के पास जाने की जिद कर रही थी निशा

एसएचओ मोहम्मद असलम ने बताया कि पति की मौत के बाद निशा बहुत सदमे में थी। वह बार-बार पति के पास जाने की बात कर रही थी। उसने ठीक से खाना भी नहीं खाया था। रो-रोकर उसका बुरा हाल था। स्वजनों को अंदाजा नहीं था कि निशा आत्महत्या जैसा कदम उठा लेगी। नवदंपती की आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। संभवत: शादी के बाद दोनों के बीच कुछ अनबन हुई थी। अभी किसी भी पक्ष की तरफ से लिखित में शिकायत नहीं दी गई है। 

फिलहाल पुलिस दोनों के मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर इसकी जांच कर रही है। दोनों के कॉल डिटेल से लेकर चैट तक खंगाले जा रहे हैं।

Tags:    

Similar News