बुजुर्ग की पिटाई का मामला: स्वरा भास्कर और ट्विटर इंडिया के हेड समेत कई लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज

पिछले दिनों गाजियाबाद जिले के लोनी इलाके में एक बुजुर्ग की पिटाई करने और उसकी दाढ़ी काटने का मामला सामने आया था..;

Update: 2021-06-17 08:03 GMT

गाजियाबाद : गाजियाबाद के लोनी इलाके में ऑटो चालक और अन्य युवकों द्वारा बुजुर्ग की पिटाई और दाढ़ी काटने का वीडियो वायरल होने के बाद इस पर मचा बवाल जारी है। वहीं, अब इससे जुड़ी शिकायत दिल्ली पुलिस के पास भी पहुंची है। दिल्ली के तिलक मार्ग थाने में बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर, वायर की एंकर अरफ़ा खानम शेरवानी, आसिफ खान के साथ ट्विटर इंडिया के हेड मनीष महेश्वरी के खिलाफ अधिवक्ता अमित आचार्य ने शिकायत की है। शिकायत में कहा गया कि गाजियाबाद लोनी मामले में इन्होंने हेट कैंपेन चलाया और भड़काऊ ट्वीट किए। अभी इस मामले में एफआईआर नहीं हुई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की है।

आपको बता दें कि पिछले दिनों गाजियाबाद जिले के लोनी इलाके में एक बुजुर्ग की पिटाई करने और उसकी दाढ़ी काटने का मामला सामने आया था। एक ऑटो चालक और अन्य युवकों ने इस घटना को अंजाम दिया था। हालांकि पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर कुछ लोगों को गिरफ्तार भी किया। वहीं गाजियाबाद जिले की इस घटना पर बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर को प्रतिक्रिया देना भारी पड़ गया है।


डीसीपी नई दिल्ली जिला दीपक यादव ने स्वीकार किया है कि हमें स्वरा भास्कर, मनीष माहेश्वरी, एमडी ट्विटर और अन्य के खिलाफ तिलक मार्ग थाने में शिकायत मिली है। इसकी जांच की जा रही है। वहीं, गाजियाबाद के एसएसपी अमित पाठक के आदेश पर लोनी बॉर्डर थाने में ट्विटर की दो कंपनियों, मीडिया संस्थान द वॉयर, मोहम्मद जुबैर, राना अय्यूब, सलमान निजामी, मसकूर उस्मानी, समा मोहम्मद और शबा नकवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया किया है। पुलिस और खुफिया एजेंसियों की जांच में सामने आया है कि सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के लिए सुनियोजित तरीके से वीडियो वायरल किया गया था।

बुजुर्ग के परिवार ने पुलिस पर लगाए आरोप

पीड़ित के बेटे तैय्यब सैफी ने बताया, 'गाजियाबाद पुलिस ने कहा था कि मुल्लाजी दाढ़ी कट गई तो कोई बात नहीं है। हवा खुलकर आएगी।' उन्होंने आगे बताया कि पुलिसकर्मी ने वापस लौटने के लिए उन्हें 2 हजार रुपये भी दिए थे। इस पर परिवार के लोगों का कहना है कि ऐसी घटनाएं आहत करती हैं। दाढ़ी काटना समाज के लिए शर्मनाक है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। परिवार ने दावा किया है कि पीड़ित अब्दुल समद कारपेंटर हैं। वह ताबीज का काम नहीं करते हैं।

'ताबीज को लेकर हुआ विवाद'

पुलिस ने कहा कि अब तक की जांच में पता चला है कि विवाद ताबीज की वजह से हुआ। बुलंदशहर के रहने वाले 65 साल के अब्दुल समद ने प्रवेश को एक ताबीज दी थी। ताबीज ने असर नहीं किया। 5 जून को अब्दुल से इसी वजह से प्रवेश ने मारपीट की। उनकी दाढ़ी भी काट दी गई। मारपीट और दाढ़ी काटने का बगैर ऑडियो वाला पहला विडियो इसी घटनाक्रम का था।

'मेरे पिता ताबीज देने का काम नहीं करते'

बबलू सैफी ने आगे कहा, 'यह बात बेबुनियाद है कि मेरे पिता ताबीज देने का काम करते हैं। हम लुहार-बढ़ई का काम करते हैं और मेरा खुद का लकड़ी का काम है। ताबीज देने का इल्जाम गलत है।' बबलू सैफी ने इस मामले में गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस ने जिन लड़कों को पकड़ा है क्या वे लड़के उस वीडियो में हैं?'

Tags:    

Similar News