Jaunpur में विवाद सुलझाने पहुंची पुलिस पर हुआ ईंट-पत्थर से हमला, 9 लोग गिरफ्तार

जौनपुर - इमामबाड़े में दरवाजा खोलने को लेकर विवाद, सूचना पर पहुंचे पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट, पुलिस ने मौके से 9 लोगों को किया अरेस्ट

Update: 2023-02-19 15:34 GMT

यूपी के जौनपुर जिले के कर्तिहा गांव में रविवार को एक जमीन को लेकर दो गुटों में विवाद हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस पर एक गुट ने ईंट पत्थर से हमला कर दिया। पुलिसकर्मियों ने भाग कर जान बचाई और थाने को सूचना दी। बक्शा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने 12 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें महिलाएं भी शामिल हैं। हमले में दो सिपाहियों को हल्की चोटें आईं हैं। आरोप है कि बक्शा थाने की पुलिस ने गांव पहुंचकर महिलाओं व पुरुषों की पिटाई की है।

बक्शा थाना क्षेत्र के कर्तिहा गांव निवासी अब्दुल खालिक ने रविवार सुबह थाने में तहरीर दी। आरोप लगाया कि विपक्षी नसीन, उरफी, सैफ, अमन और कसीम इमामबाड़ा बनवा रहे हैं। इसका दरवाजा मेरे पुस्तैनी जमीन की तरफ लगवा रहे हैं। मना करने पर विपक्षी विवाद कर रहे हैं। थाने से सिपाही चंदन यादव और राजू मौके पर पहुंचे।

दोनों पक्षों को समझा बुझाकर निर्माण रोककर थाने चलने की बात कही। इस पर निर्माण करने वाला पक्ष आक्रोशित हो गया। दोनों सिपाहियों पर ईंट पत्थर से हमला बोल दिया। घटनास्थल से भागकर सिपाहियों ने जान बचाई और थाने में सूचना दी। थोड़ी ही देर में थानाध्यक्ष बड़ी संख्या में पुलिस टीम को लेकर मौके पर पहुंच गए।

उन्होंने करीब दर्जनभर महिला व पुरुष को हिरासत में लेकर थाने पहुंचे। दूसरी तरफ हिरासत में लिए गए लोगों के परिजनों ने पुलिसकर्मियों पर हमले से इंकार किया। दो युवकों को पकड़ने के चक्कर में सिपाही गिर गए और उन्हें चोटें आईं।

मामले में थानाध्यक्ष त्रिवेणी सिंह ने कहा कि इमामबाड़े के दरवाजे को लेकर दो पक्षों में विवाद था। शिकायत पर पुलिस गई थी। निर्माण करने वाले लोगों पुलिस टीम पर हमला कर दिया। दो सिपाहियों को हल्की चोटें आईं। कुल 20 नामजद व 25 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

Tags:    

Similar News