Lok Sabha elections 2019 : जानिए कौन है त्रिभुवन राम, जिन्हें सपा, बसपा, आरएलडी ने मछलीशहर सीट से बनाया है प्रत्याशी
जौनपुर। मछली शहर सीट से बसपा ने पूर्व विधायक और मायावती के करीबी माने जाने वाले ई. त्रिभुवन राम को प्रत्याशी बनाया है। बीएचयू आईटी के छात्र रहे त्रिभुवन राम लंबे समय तक पीडब्ल्यूडी के चीफ इंजीनियर के रूप में सेवाए दे चुके हैं। इसके अलावा निर्माण निगम और सेतु निगम का भी प्रभार उनके पास रहा है। खेलों में रुचि के चलते वह प्रदेश ओलम्पिक संघ से लेकर हैंडबाल संघ के पदाधिकारी हैं। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने अजगरा विधानसभा क्षेत्र से 2012 में बसपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था और सपा प्रत्याशी को पराजित कर जीत हासिल की थी। सपा लहर में तो वह चुनाव जीत गये लेकिन पिछले विधानसभा में सुभासपा प्रत्याशी कैलाश सोनकर से हार का सामना करना पड़ा। इस समय लगातार क्षेत्र जनसंपर्क कर रहे है।
त्रिभुवन राम इसी जिले के केराकत विधानसभा क्षेत्र के निवासी हैं। वह लोक निर्माण विभाग में मुख्य अभियंता के पद से रिटायर होने के बाद बसपा में शामिल हुए थे। त्रिभुवन राम वाराणसी के अजगरा विधानसभा सीट से बसपा के टिकट पर विधायक भी रह चुके हैं। बताते चलें कि सपा बसपा गठबंधन के बाद जिले की दोनों लोकसभा सीटों से बसपा के उम्मीदवार अपना भाग्य आजमाएंगे। इस समय सपा व बसपा के कार्यकर्त्ता लगातार क्षेत्र मॆ जनसंपर्क कर रहे है। त्रिभुवन राम मार्च -2012 में पहली बार सोलहवी विधानसभा के सदस्य चुने गए । ये समाज सेवा, विकलांगों की सहायता व खेलकूद में विशेष रूचि रखते हैं। त्रिभुवन राम मूल रूप से जौनपुर के निवासी हैं। इनका जन्म 15 जनवरी 1949 में हुआ था। इनके पिता का नाम श्री के.बी. राम है।
राह नहीं आसान, पांच में से चार पर एनडीए विराजमान
मछलीशहर अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित लोकसभा सीट है जिसके तहत पांच विधानसभा क्षेत्र मछलीशहर, मडियाहंू, जाफराबाद, केराकत और पिंडरा आते हैं। इसमें दो सीटें अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित हैं। बावजूद इसके त्रिभुवन राम के लिए यहां की राह आसान नहीं होगी। वजह, यहां की पांच विधानसभा में चार पर एनडीए का कब्जा है। मड़ियाहूं विधानसभा क्षेत्र से अपना दल (सोनेलाल) की लीना तिवारी विधायक हैं। जफराबाद से भाजपा के डा. हरेंद्र प्रसाद सिंह ने सपा के सचिंद्रनाथ त्रिपाठी को 24 हजार से ज्यादा मतों के अंतर से पराजित किया था।
केराकत (सुरक्षित) से भाजपा के दिनेश चौधरी विधायक हैं जिन्होंने सपा के संजय कुमार सरोज को हराया था। इसी तरह पिंडरा से भाजपा के अवधेश सिंह विधायक हैं। पिंडरा भले वाराणसी में है लेकिन यह मछलीशहर संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है। मछलीशहर विधानसभा क्षेत्र भी अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है और यहां से सपा के जगदीश सोनकर ने भाजपा प्रत्याशी अनिता रावत को महज चार हजार मतों से हराया था।