नये सिरे से चकबंदी की मांग को लेकर सपा नेता समेत ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
जौनपुर। भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ी बीरमपुर की चकबंदी प्रकिया से आक्रोशित ग्रामीणों ने रविवार को गोसाई बाबा मंदिर पर पंचायत कर चकबंदी विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुन: नये सिरे से चकबंदी किये जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
सपा नेता धर्मेन्द्र मिश्र ने कहा कि गाँव में सबकुछ रहतें हुए आज गाँव में रास्ता तक नहीं है, कई बार विरोध किया गया लेकिन सब अधिकारी मौन रहतें है, चकबंदी अधिकारियों और भू-माफियाओं की मिली भगत से सैकड़ों बीघे जमीन का गलत ढंग से आवंटन कर दिया। गोमती नदी के कटान के कारण दक्षिणी सिरे पर छूटी जमीनों का भू-माफियाओं ने अपने नाम करा लिया। अधिकारियों से बार-बार शिकायत के बावजूद भी कोई कार्यवाही नहीं की गयी। भीटा, तालाब, ग्रामसभा की सार्वजनिक जमीनों की गलत तरीके से मालियत लगा दी गयी।
ग्रामीणों ने एक स्वर से पन: नये सिरे से चकबंदी कराये जाने की मांग की। इस मौके पर ग्राम प्रधान राजू यादव, कमलेश तिवारी, संतोष मिश्र, सभाराज यादव, भानुप्रताप तिवारी, बबलू मिश्र, कपिल तिवारी, अजय तिवारी, नजरु मियां, अच्छेलाल यादव, संकठा यादव, सुरेश यादव, मटरु पाल, पवन तिवारी सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।