कैलिफॉर्निया के बार में गोलीबारी, अबतक 13 की मौत

Update: 2018-11-08 11:17 GMT


अमेरिका में सदर्न कैलिफोर्निया के भीड़-भाड़ वाले एक बार में बुधवार रात एक संदिग्ध ने गोलीबारी कर दी। सुरक्षाबलों ने हमलावर को मार गिराया है। बंदूकधारी समेत कुल 13 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। काउंटी में शेरिफ के एक कैप्टन ने यह जानकारी दी। वेंटूरा काउंटी शेरिफ के ऑफिस कैप्टन गैरो कुरेदजियान ने बताया कि घटना में शेरिफ के एक उप-अधिकारी को भी गोली लगी है, उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। बहरहाल उन्होंने घायलों के बारे में विस्तृत जानकारी नहीं दी। 


शेरिफ के प्रवक्ता ने बताया कि थाउजंड ओक्स के बॉर्डरलाइन बार ऐंड ग्रिल में गोली चलने की जानकारी सबसे पहले रात करीब 11 बजकर 20 मिनट पर मिली थी। थाउजंड ओक्स लॉस एंजिलिस से करीब 40 मील की दूरी पर स्थित है। उन्होंने कहा कि उप अधिकारी जब घटनास्थल पर पहुंचे तब उन्होंने भी गोली चलने की आवाज सुनी। अधिकारी मामले में जांच कर रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने मीडिया को बताया कि एक शख्स ने बंदूक से कई बार गोलियां चलाईं और धुंए वाला बम उड़ाने के बाद उसने फिर से गोलीबारी की। पुलिस ने 'लॉस एंजिलिस टाइम्स' को बताया कि घटना में कम से कम 30 गोलियां चलीं। पुलिस ने कहना है कि लोगों को अब कोई खतरा नहीं है, हालांकि हमलावर के मारे या पकड़े जाने के बारे में फिलहाल पुलिस ने कोई पुष्टि नहीं की है।

Similar News