वेज रोल, इडली, मूंग दाल हलवा...गगनयान में अंतरिक्ष यात्रियों के खाने का मेन्यू आया सामने

अंतरिक्ष में उन्हें जो खाना परोसा जाएगा उनमें एग रोल, वेज रोल, इडली, मूंग दाल हलवा और वेज पुलाव को भी शामिल किया गया है।

Update: 2020-01-07 07:17 GMT

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) ने बीते एक जनवरी को ऐलान किया था कि गगनयान कार्यक्रम के लिए चार अंतरिक्ष यात्रियों को चयनित भी कर लिया गया है। जल्द ही रूस में उनका प्रशिक्षण शुरू हो जाएगा। इन अंतरिक्ष यात्रियों के लिए खाने का मेन्यू भी तैयार हो चुका है।

अंतरिक्ष में उन्हें जो खाना परोसा जाएगा उनमें एग रोल, वेज रोल, इडली, मूंग दाल हलवा और वेज पुलाव को भी शामिल किया गया है। अंतरिक्ष यात्रियों का यह खाना मैसूर स्थित डिफेंस फूड रिसर्च इंस्टीट्यूट के द्वारा तैयार किया जा रहा है। अंतरिक्ष में खाना गर्म करने के लिए ओवन की भी व्यवस्था होगी।



इतना ही नहीं अंतरिक्ष यात्रियों के लिए पानी और जूस के साथ-साथ लिक्विड फूड की भी व्यवस्था रहेगी। जीरो गुरुत्वाकर्षण को देखते हुए मिशन गगनयान के लिए खाना तैयार किया जा रहा है।

ज्ञात हो कि इससे पहले इसरो प्रमुख के. सिवन ने कहा था कि चंद्रयान-3 और मिशन गगनयान, दोनों का काम एक साथ चल रहा है। गगनयान मानव को अंतरिक्ष में ले जाने का भारत का पहला अभियान है।

साथ ही उन्होंने यह भी बताया था कि तीसरे चंद्रयान मिशन से संबंधित सभी गतिविधियां भी सुचारू रूप से चल रही हैं। इसमें पहले की तरह लैंडर, रोवर और एक 'प्रोपल्शन मॉड्यूल होगा। उन्होंने कहा कि चंद्रयान-3 का प्रक्षेपण अगले साल तक जा सकता है।  

Tags:    

Similar News