विधानसभा चुनाव LIVE : 5 बजे तक महाराष्ट्र में 45% और हरियाणा में 55% मतदान; मेवात में 4 बूथों पर हिंसक झड़प

महाराष्ट्र की 288 और हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर वोटिंग, नतीजे 24 अक्टूूूबर को आएंगे

Update: 2019-10-21 12:23 GMT

महाराष्ट्र की 288 और हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, संघ प्रमुख मोहन भागवत और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने नागपुर में वोट डाला। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर करनाल में साइकिल चलाकर वोट डालने गए। 5 बजे तक महाराष्ट्र की 288 सीटों पर 45% और हरियाणा की 90 सीटों पर 55% मतदान हुआ। हरियाणा के मेवात जिले में चार बूथों पर हिंसक झड़प हुई। महाराष्ट्र के पिंपरी चिंचवाड़ में शिवसेना और राकांपा के समर्थक भिड़ गए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावों में मतदान का नया रिकॉर्ड बनाने की अपील की। हरियाणा में भाजपा की सरकार है। वहीं, महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना गठबंधन सत्ता में है। हरियाणा में भाजपा ने सभी सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं, जबकि महाराष्ट्र में भाजपा ने 150 और शिवसेना ने 126 सीटों पर प्रत्याशी उतारे हैं।

इसके अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, गुजरात समेत 18 राज्यों की 63 विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। इनमें कर्नाटक में 15, उत्तरप्रदेश की 11, बिहार और केरल में 5-5, पंजाब, गुजरात और असम में 4-4, सिक्किम की 3, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, तमिलनाडु में 2-2, छत्तीसगढ़, अरुणाचल प्रदेश, मध्यप्रदेश, मेघालय, ओडिशा और तेलंगाना की 1-1 सीट शामिल है। महाराष्ट्र में एक लोकसभा सीट पर भी वोटिंग हो रही है।

LIVE UPDATE -

हरियाणा के मेवात जिले में चार बूथों पर हिंसक झड़प हुई। महाराष्ट्र में पुणे से सटे पिंपरी चिंचवाड़ में शिवसेना और राकांपा के समर्थक भिड़ गए। राकांपा नेता डब्बू आसवानी घायल हुए।

- केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने मुंबई में मताधिकार का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा, ''यहां के हीरो खन्ना जी है, वे 93 साल के हैं और सेना में रह चुके हैं। खन्ना जी वोट डालकर मेरे साथ खड़े हैं। आप लोगों को भी घरों से निकलना चाहिए।'' पुणे के जहांगीर अस्पताल में भर्ती 102 साल के हाजी इब्राहिम ने एंबुलेंस से मतदान केंद्र पहुंच वोट डालकर नजीर पेश की।

- मुंबई में सेलिब्रिटीज और नेताओं ने वोट डाले। सचिन तेंदुलकर, शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे, राज ठाकरे, आमिर खान, दीपिका पादुकोण, माधुरी दीक्षित ने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पत्नी अमृता के साथ नागपुर में वोट डाला। उन्होंने कहा कि जनता को मतदान कर लोकतंत्र के लिए अपना कर्तव्य निभाना चाहिए।

- हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ट्रेन से करनाल पहुंचे, साइकिल चलाकर वोट डालने बूथ पहुंचे। उन्होंने कहा- लोगों को बेहतर भविष्य के लिए पर्यावरण की चिंता करनी चाहिए।

- हरियाणा की चरखी दादरी सीट से भाजपा प्रत्याशी रेसलर बबीता फौगाट, उनकी बहन गीता फौगाट परिवार से साथ मतदान करने पहुंचीं। गुड़गांव के बादशाहपुर में बूथ संख्या 286 पर ईवीएम खराब।

- केंद्रीय नितिन गडकरी और उनकी पत्नी कंचन ने नागपुर में मतदान किया। गडकरी ने कहा- मुझे उम्मीद है देवेंद्र फडणवीस की अगुआई में एक बार फिर भाजपा गठबंधन की वापसी होगी।

- राकांपा नेता और बारामती से प्रत्याशी अजित पवार ने मताधिकार का प्रयोग किया। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने मुंबई में वोट डाला और कहा कि महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना गठबंधन को 225 सीटें मिलेंगी।

- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विधानसभा चुनाव में मतदान का नया रिकॉर्ड बनाने की अपील की है। उन्होंने युवाओं से कहा- लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।

- संघ प्रमुख भागवत ने मतदान के बाद कहा- प्रजातंत्र में सभी चुनाव अहम होते हैं। सरकार किसकी थी, किसकी आनी है- यह सवाल नहीं रहता। तंत्र देश का चलता है। 100% मतदान हो और यह हर मतदाता का कर्तव्य है।

- हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा- भाजपा सरकार ने वादे पूरे नहीं किए। अब हरियाणा में लोग कांग्रेस की तरफ देख रहे हैं। यहां कांग्रेस सरकार बनेगी और हाईकमान मुख्यमंत्री तय करेगा। 

Tags:    

Similar News