गजब: यहां चुनाव में जीत के बाद पहली बार BJP-कांग्रेस का हुआ गठबंधन, मिलकर बनाई सरकार

राजनीति में कुछ भी संभव है इसका एक ताजा उदाहरण यहां देखने को मिला। यहां चुनाव में जीत के बाद सत्ता के लिए BJP और कांग्रेस के नेताओं ने गठबंधन किया है।

Update: 2018-04-26 07:18 GMT

गोवाहाटी : राजनीति में कुछ भी संभव है इसका एक ताजा उदाहरण उत्तर-पूर्व राज्य मिजोरम में दिखा। यहां स्थानीय निकाय में सत्ता के लिए BJP और कांग्रेस के नेताओं ने गठबंधन किया है।

इसके बावजूद दोनों ही दल सत्ता के करीब पहुंच कर भी चुनाव हार गए। विपक्षी गठबंधन ने सत्ता हथिया ली। भाजपा और कांग्रेस ने मिजोरम के चकमा स्वायत्त जिला परिषद (CADC) के लिए हुए चुनाव में सत्ता के लिए एक दूसरे का हाथ थाम लिया है।

दरअसल 20 सदस्यीय सीएडीसी के चुनाव में कांग्रेस ने छह और बीजेपी ने पांच सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) ने सबसे अधिक आठ सीटों पर कब्जा जमाया था। ऐसे में सत्ता के लिए जरूरी 11 सीट हासिल करने में सभी पार्टी दूर रहीं। न तो कांग्रेस और न ही बीजेपी को बहुमत मिला।

ऐसे में दोनों ही पार्टियों के स्थानीय नेताओं ने चुनाव के बाद गठबंधन कर परिषद पर कब्जा जमा लिया। सीएडीसी के लिए 20 अप्रैल को वोट डाले गये थे। स्थानीय नेताओं के इस अप्रत्याशित कदम से राज्य बीजेपी नाराज है। बीजेपी सूत्रों ने कहा कि पार्टी कांग्रेस से हाथ मिलाने वाले अपने नेताओं पर कार्रवाई कर सकती है।

वहीं, कांग्रेस ने कहा कि दोनों दलों के स्थानीय नेताओं ने समझौता किया है और चुनाव बाद यह गठबंधन बना। उन्होंने आगे कहा कि इस गठबंधन से राज्य के विधानसभा चुनावों से कोई संबंध नहीं है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा।

सीएडीसी एक स्वायत्त परिषद है। खबर के मुताबिक, कांग्रेस ने कम सीटें जीतने वाली बीजेपी को काउंसिल का अध्यक्ष पद दिया है जबकि ज्यादा सीटें जीतने के बाद भी उपाध्यक्ष का पद अपने पास रखा है। गठबंधन फॉर्मूले के तहत बीजेपी के संती जीबान चकमा चकमा स्वायत्त जिला परिषद के नेता होंगे वहीं कांग्रेस के बुद्ध लीला चकमा सदन के उपनेता होंगे।

Tags:    

Similar News