विंध्याचल: स्नान करते समय गंगा में डूबे भाई-बहन, परिवार मचा कोहराम

Update: 2022-05-01 09:03 GMT
हादसे के बाद गंगा किनारे खड़े लोग

विंध्याचल के परशुराम घाट पर रविवार की सुबह गंगा स्नान के दौरान हादसा हो गया है जहां गंगा स्नान करते समय भाई-बहन गहरे पानी में जाने से डूब गए। घटना को लेकर गंगा किनारे अफरातफरी मच गई।  शोर मचाने पर स्थानीय मल्लाहों ने गंगा में कूदकर युवक को बाहर निकाला। उसे उपचार के लिए सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं उसकी बहन की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार जौनपुर जिले के मछलीशहर निवासी एक परिवार के 18 लोग रविवार की सुबह मां विंध्यवासिनी का दर्शन करने पहुंचे। दर्शन- पूजन करने से पहले सभी लोग परशुराम घाट पर स्नान करने पहुंचे। परिवार के युवा लड़के-लड़कियां गंगा में स्नान कर रहे थे।

इस दौरान ऋषि तिवारी (26) पुत्र दिलीप तिवारी और उसकी बहन खुशी तिवारी (20) स्नान करते समय डूबने लगी। उनको डूबता देख मौके पर मौजूद मल्लाहों ने गंगा में छलांग लगाकर ऋषि तिवारी को बाहर निकालकर सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।

खुशी तिवारी गंगा में समा गई। मौके पर पहुंची विंध्याचल पुलिस गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश कर रही है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। रो-रोकर बुरा हाल है। घाट पर लोगों की भीड़ जमा हो गई है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश है। उनका कहना है कि विंध्याचल में लगातार इस तरह के हादसे होते रहते हैं लेकिन बचाव के उपाय नहीं किए जा रहे।

Tags:    

Similar News