बीएड और नेट क्वालिफाइड महिला बोलीं, जिला पंचायत सदस्य हूं, मगर वेतन नहीं मिलता

Update: 2022-09-11 10:09 GMT

अंबेडकरनगर का प्रतिमा चाय मंत्रालय चर्चा में है। क्योंकि, इसे लोक गायिक डॉ. प्रतिमा यादव ने खोला है। वह सपा से जिला पंचायत सदस्य भी हैं। दैनिक भास्कर ने टी-स्टॉल खोलने की वजह पूछी तो बोलीं- मैं जिला पंचायत सदस्य हूं। मुझे वेतन नहीं मिलता है। इसलिए बिजनेस शुरू कर दिया है। प्रतिमा यादव ने कहा, "सरकार नौकरी नहीं दे सकती है। तो पढ़े-लिखे युवाओं को अपना बिजनेस शुरू करके आगे बढ़ना चाहिए।"

नेट और बीएड क्वालिफाइड हैं प्रतिमा

लोक गायिका प्रतिमा यादव को शुरू से संगीत में रुचि रही है। वह पढ़ाई के साथ ही संगीत भी सीखती थीं। प्रतिमा ने MA, बीएड करने के बाद नेट क्वालिफाइड किया है। प्रतिमा का कहना है, "बेरोजगारी चरम पर है। योगी सरकार नौकरी नहीं दे रही है। युवा तैयारी में लगे हैं, लेकिन इसी में उनकी उम्र निकली जा रही है।"

अकबरपुर द्वितीय से जिला पंचायत सदस्य

प्रतिमा लोक गायन के साथ ही राजनीति में भी हैं। वह सपा की राजनीति कर रही हैं। अकबरपुर द्वितीय से जिला पंचायत सदस्य हैं। 2021 में जिला पंचायत सदस्य के चुनाव लड़ीं थीं और जीत भी गईं थीं। उन्होंने अपने विरोधी को 250 वोटों से हराया था। प्रतिमा यादव ने कहा, "टी-स्टॉल के जरिए हर वर्ग के लोगों से संवाद हो पाता है। उनके दुख-दर्द को समझने का मौका भी मिलता है। इसलिए मैंने टी-स्टॉल खोल दिया है। इससे खुद के रोजगार को आगे बढ़ा सकूंगी।"

प्रतिमा आकाशवाणी और दूरदर्शन पर अपना प्रोग्राम प्रस्तुत कर चुकी हैं। लखनऊ, मगहर, सैफई महोत्सव के साथ ही कुंभ मेला, माघ मेला, रामायण मेला सहित बड़े मंचों पर प्रोग्राम किए हैं। उन्हें कई पुरस्कार भी मिले हैं। सरकार के जागरूकता कार्यक्रमों का हिस्सा भी रही हैं।

प्रतिमा के पति सुरेंद्र यादव राघव राम इंटर कॉलेज में एलटी ग्रेड के टीचर हैं। प्रतिमा ने बताया, "मैं सुबह अलग-अलग जगहों पर चाय नाश्ता सप्लाई करूंगी। सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक कचहरी के पास हमारी दुकान लगेगी। इससे घर चलाने में भी मदद होगी।"

साभार दैनिक भास्कर 

Tags:    

Similar News