बर्थडे पार्टी से लौटने के बाद डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, भाई ने जताई हत्या की आशंका

गोरखपुर के झंगहा में चलाते थे हॉस्पिटल

Update: 2022-06-09 12:15 GMT

गोरखपुर के एक डॉक्टर की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। रात को बर्थडे पार्टी से लौटने के बाद सुबह डॉक्टर की उन्हीं के अस्पताल में लाश मिली है। मृतक के भाई ने पुलिस को तहरीर देकर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की पड़ताल कर रही है। घटना चौरीचौरा इलाके के तरकुलहा मोड़ की है।

*पार्टी से लौट अस्पताल पर ही सो गए डॉक्टर*

चौरीचौरा इलाके के तरकुलहा मोड़ पर डॉ. अभिषेक रंजन का अभिषेक हॉस्पिटल चलाते थे। मंगलवार की रात अभिषेक झंगहा इलाके के राजधानी गांव में अपनी एक रिश्तेदारी में बर्थडे पार्टी अटेंड करने गए थे। देर रात वहां से वापस लौटने के बाद वह घर नहीं गए बल्कि अपने अस्पताल पर ही सो गए। सुबह कर्मचारियों ने देखा तो वह अचेत हालत में पड़े हुए थे। अस्पताल के अन्य डॉक्टरों ने चेक किया तो उनकी मौत हो चुकी थी।

*भाई ने दी पुलिस को तहरीर,जताई हत्या की आशंका*

अस्पताल कर्मचारियों ने इसकी सूचना परिवार वालों को दी। सूचना पाते ही देवकहिया गांव के रहने वाले मृतक डॉक्टर के भाई दिनेश भी पहुंच गए। दिनेश ने अपने भाई के हत्या की आशंका जताई। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह पता चल सकेगी। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News