सुल्तानपुर से पूर्व कांग्रेस सांसद राजकरन सिंह का निधन

पैतृक गांव नेवादा में होगा अंतिम संस्कार

Update: 2023-06-26 13:03 GMT

सुल्तानपुर: साल 1984 से 89 तक सुल्तानपुर लोकसभा सीट से सांसद रहे वरिष्ठ कांग्रेसी राजकरन सिंह का निधन हो गया। वह 87 वर्ष के थे। उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव नेवादा में ही रविवार को किया जाएगा। अमेठी के नेवादा के रहने वाले पूर्व सांसद के निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गयी। सुबह से ही क्षेत्रीय लोग पहुंच कर शोकाकुल परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।

पूर्व सांसद और वरिष्ठ कांग्रेसी राजकरन सिंह का 87 वर्ष की आयु में निधन हो गया। आज ही पैतृक गांव नेवादा में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। राजकरन सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे थे। इन्होंने बीती रात लगभग 12 बजे अपने नेवादा स्थित निवास पर अंतिम सांस ली। 1936 में जन्में राजकरन सिंह मुसाफिरखाना के एएच इंटर कालेज में शिक्षक रहे।

वर्ष 1984 में शिक्षक पद से त्याग पत्र देकर कांग्रेस पार्टी के टिकट पर सुल्तानपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और पहली बार सांसद बने। इससे पूर्व 71 से 84 तक वे मुसाफिरखाना के ब्लाक प्रमुख भी रहे।उन्होंने 1984, 1989 और 1994 में लोकसभा का चुनाव लड़ा था।

वह इसौली सीट से एक बार विधानसभा चुनाव भी लड़े। एक बार सुल्तानपुर के कांग्रेस पार्टी के जिलाध्यक्ष भी रहे। उनके आकस्मिक निधन से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गयी। उनका अंतिम संस्कार पैतृक गांव नेवादा में ही रविवार को किया जाएगा।

Tags:    

Similar News