UP Elections 2022: शरारती तत्वों ने फाड़ा कांग्रेस प्रत्याशी का होर्डिंग
कुंडोल स्प्रिंगफील्ड स्कूल के सामने कांग्रेस प्रत्याशी उपेंद्र सिंह के लगे होर्डिंग को शरारती तत्वों ने उखाड़ दिया. घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेसियों में आक्रोश फैल गया. कांग्रेस प्रत्याशी उपेंद्र सिंह समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए.;
आगरा. कुंडोल स्प्रिंगफील्ड स्कूल के सामने कांग्रेस प्रत्याशी उपेंद्र सिंह के लगे होर्डिंग को शरारती तत्वों ने उखाड़ दिया. घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेसियों में आक्रोश फैल गया. कांग्रेस प्रत्याशी उपेंद्र सिंह समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए. आरोप लगाया कि होर्डिंग के बांस बल्ली और फटा हुआ होर्डिंग भाजपा नेता के घर से बरामद हुआ. कांग्रेस प्रत्यासी ने इस घटना की शिकायत प्रशासन व क्षेत्रीय पुलिस से की. सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई.
बीतीरात की है घटना
घटना बीती रात की बताई जा रही है. कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिदिन की तरह डोर टू डोर जनसंपर्क में जुटे हुए थे. शुक्रवार को कांग्रेस प्रत्याशी उपेंद्र सिंह ने कलाल खेरिया से अपना जनसंपर्क शुरू किया था. उनके साथ पूर्व कैबिनेट मंत्री और वर्तमान में हरियाणा विधायक गीता भुक्कल भी जनसंपर्क कर रही थी, लेकिन इस घटना की सूचना मिलते ही प्रत्याशी उपेंद्र सिंह और विधायक गीता भुक्कल मौके पर पहुंच गई. उन्होंने इस घटना की निंदा की और जिला प्रशासन व क्षेत्र पुलिस से शिकायत की.
इस बारे में कांग्रेस प्रत्याशी उपेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि ये होर्डिंग भाजपा नेताओं के इशारे पर उनके कार्यकर्ताओं ने फाड़े हैं. पुलिस के मौके पर पहुंचने पर भाजपा नेता बैकफुट पर आए और सार्वजनिक रूप से हमसे माफी मांगी तब मामले को खत्म किया गया.
डीएम आफिस के सामने से हटा दिया प्रत्याशी का होर्डिंग
डीएम आफिस के सामने दक्षिण विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस प्रत्याशी अनुज शर्मा का होर्डिंग किसी ने उतार दिया. शुक्रवार को कांग्रेसी वहां पहुंचे तो पता चला कि नगर निगम की टीम ने होर्डिंग को उतार दिया है. इस बारे में प्रत्याशी अनुज शर्मा ने कहा कि हमने परमीशन लेकर ही होर्डिंग लगाया था लकिन निगम की टीम ने हटा दिया. जब सौ मीटर क्षेत्र में होर्डिंग लगाने की परमीशन नहीं थी तो एजेंसी ने लगाया क्यो औरी निगम ने टैक्स क्यों लिया. ये सब सरकार के इशारे पर किया जा रहा है.
कांग्रेस का झंडा लगाया तो, भाजपा नेता ने कर दी थी दुकानदार की पिटाई
आगरा की उत्तर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी विनोद बंसल ने बुधवार को कर्मयोगी एनक्लेव, फव्वारा, कमला नगर क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान अपने समर्थकों की दुकानों पर कांग्रेस के झंडे लगाए थे. गुरुवार की सुबह कांग्रेस के झंडे को हटाने के पीछे विवाद हो गया. मामले के अनुसार, भूपेंद्र झामनानी की ओ-47, कर्मयोगी एनक्लेव, फव्वारा के पास स्थित गुरु प्रसाद ट्रेडर्स के नाम से दुकान है. गुरुवार की सुबह उसकी दुकान पर भाजपा के पूर्व पार्षद दीपक ढल आए और कांग्रेस का झंडा हटाने के लिए उसको धमकाया और दुकानदार के द्वारा ऐसा न करने पर उसने मारपीट कर दी. सुबह आकर उनके साथ मारपीट कर दी. इस घटना से क्षेत्रीय दुकानदारों में आक्रोश फैल गया. घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस के समर्थक वहां पहुंच गए.