UP News: भाजपा के सभी पदों से इस्तीफा देते वक्त रो पड़े, हिमाचल प्रदेश के नवनियुक्त राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला

यह मेरे लिए भावुक क्षण है, क्योंकि जिस संगठन में जीवन का एक-एक क्षण बीता, उससे त्याग पत्र देना पड़ रहा है।

Update: 2023-02-15 13:45 GMT

हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के उपरांत भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवप्रताप शुक्ला ने बीजेपी संगठन के सभी दायित्वों से त्यागपत्र दे दिया। उन्होंने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी को संबोधित त्यागपत्र गोरखपुर क्षेत्र के अध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह को सौंपा। इस दौरान पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री शिवप्रताप शुक्ला की आंखें नम दिखीं। उन्होंने कहा कि चार दशक से उनका और भाजपा का मां-बेटे जैसा संबंध रहा है।

जानिए शिव प्रताप ने क्या कहा

नवनियुक्त राज्यपाल शिवप्रताप शुक्ला बुधवार की सुबह डॉ. धर्मेंद्र सिंह के बेतियाहाता स्थित आवास पर पहुंचे। उन्हें क्षेत्रीय महामंत्री व सहजनवा के विधायक प्रदीप शुक्ला, गोरखपुर के जिलाध्यक्ष युधिष्ठिर सिंह, मीडिया प्रभारी डॉ. बच्चा पांडेय नवीन के साथ बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की गईं। इसके बाद श्री शुक्ला ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी को संबोधित त्यागपत्र क्षेत्रीय अध्यक्ष को सौंपा। उन्होंने पत्रकारों से मुखातिब होते हुए कहा कि,"महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त होने के उपरांत भाजपा के सभी दायित्वों से त्यागपत्र संवैधानिक दायित्व है। यह मेरे लिए भावुक क्षण है, क्योंकि जिस संगठन में जीवन का एक-एक क्षण बीता, उससे त्याग पत्र देना पड़ रहा है। हालांकि राज्यपाल जैसे संवैधानिक पद पर नियुक्ति होने के बाद यह जरूरी भी है।

जानिए कौन कौन लोग रहे मौजूद

क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से लेकर भाजपा तक में शिवप्रताप शुक्ला जी सेवा और समर्पण के मिसाल रहे। संगठन के विभिन्न दायित्वों, राज्य और केंद्र में मंत्री रहते हुए इनके नाम बड़ी उपलब्धि रहीं हैं। इनका राज्यपाल जैसे संवैधानिक पद पर नियुक्ति होना, गोरखपुर और यहां के भाजपा कार्यकर्ताओ के लिए गौरव की बात है। इस अवसर पर पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, अष्टभुजा शुक्ल, नरेंद्र तिवारी, रमाशंकर शुक्ला, मार्कण्डेय मणि त्रिपाठी आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News