यूपी जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव में बीजेपी ने लहराया परचम, मोदी ने योगी के सिर बांधा जीत का सेहरा

जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने अपना परचम फहरा दिया है।;

Update: 2021-07-03 17:09 GMT

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सत्ता का सेमीफाइनल माने जा रहे जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने अपना परचम फहरा दिया है। बीजेपी ने शानदार जीत हासिल करते हुए 67 सीटों पर कब्जा जमाया है। इस बंपर जीत पर खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ को बधाई दी है। वहीं गृह मंत्री अमित शाह ने भी सीएम योगी और बीजेपी संगठन को जीत के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

पीएम ने सीएम योगी को दिया जीत का क्रेडिट

प्रधानमंत्री मोदी ने यूपी में हुए जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में बीजेपी को जीत पर बधाई देते हुए ट्वीट किया, यूपी जिला पंचायत चुनाव में भाजपा की शानदार विजय विकास, जनसेवा और कानून के राज के लिए जनता जनार्दन का दिया हुआ आशीर्वाद है। इसका श्रेय मुख्यमंत्री योगी जी की नीतियों और पार्टी कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम को जाता है। यूपी सरकार और भाजपा संगठन को इसके लिए हार्दिक बधाई।

गृह मंत्री अमित शाह ने योगी और स्वतंत्र देव सिंह को दी बधाई

वहीं भारतीय जनता पार्टी की जीत पर गृह मंत्री अमित शाह ने भी मुख्यमंत्री योगी समेत यूपी में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह को भी बधाई दी। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि उत्तर प्रदेश पंचायत अध्यक्ष चुनाव में भाजपा की भव्य जीत पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह व सभी कार्यकर्ताओं को बधाई। नरेंद्र मोदी व योगी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार प्रदेश के किसान, गरीब व वंचित वर्ग की आकांक्षाओं को पूरा कर प्रगति के नए मापदंड स्थापित करती रहेगी।

खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में सीएम योगी आदित्यनाथ को जीत का श्रेय देने से उन सभी अटकलों पर पूर्ण विराम लग गया है, जिसे लेकर कुछ दिन पहले यूपी के सियासी हलकों में तूफान मचा था। इस जीत की बधाई ने कहीं न कहीं सीएम योगी को एक बार फिर खुश होने का मौका दे दिया है। बता दें कुछ दिन पहले उत्तर प्रदेश में बीजेपी के भीतर ही डेप्युटी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के बयानों ने पार्टी ने अंदर ही हलचल पैदा कर दी थी।

CM योगी ने दी बधाई

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्षों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामना दी हैं। सीएम योगी ने अपने बधाई संदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "त्रिस्तरीय पंचायतीराज व्यवस्था की ग्रामीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका है। जिला पंचायत के माध्यम से ग्रामीण इलाकों में विकास के महत्वपूर्ण कार्य संचालित होते हैं।" उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्षों से पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण भाव से अपने पद के दायित्वों का निर्वहन करने की अपेक्षा की है।

Similar News