बीजेपी नेता की चाय पीते समय गोली मारकर हत्या

Update: 2021-09-22 16:58 GMT

झारखंड की राजधानी रांची में बुधवार की शाम दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया गया। यहां के एक होटल में भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई।ताबड़तोड़ फायरिंग में एक अन्य व्यक्ति को भी गोली लगी है। वह भी भाजपा से ही जुड़ा बताया जा रहा है। सनसनीखेज वारदात की खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई।

स्थानीय पुलिस के साथ ही आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सीसीटीवी की पड़ताल के साथ ही नाकेबंदी कर चेकिंग शुरू करा दी गई। वारदात के पीछे आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है। ओरमांझी में बीजेपी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष जीतराम मुंडा चुटूपालू में आर्यन लाइन होटल में किसी साथी के साथ चाय पी रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार अपराधी वहां पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। कई गोलियां लगने से जीतराम मुंडा जमीन पर गिर पड़े। उनके बगल में मौजूद एक व्यक्ति को भी गोली लगी। इससे पहले कि कोई कुछ कर पाता हवा में फायरिंग करते हुए बदमाश फरार हो गए।

आनन-फानन में स्थानीय लोगों ने जीतराम मुंडा को जनता हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस आपसी रंजिश में हत्या की आशंका जता रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जीतराम का मनोज मुंडा नाम के व्यक्ति से रंजिश थी। इसी रंजिश में हत्या की बात आ रही है। फिलहाल पुलिस शव को कब्जे में लेकर छानबीन कर रही है।

Tags:    

Similar News