सिसोदिया बोले- अरविंद केजरीवाल का मर्डर करना चाहती है BJP, जानें क्या दी दलील

Update: 2022-03-30 11:44 GMT

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल की हत्या की कोशिश की जा रही है। सिसोदिया ने कहा कि बीजेपी केजरीवाल को हरा नहीं सकती है, इसलिए मारना चाहती है। दिल्ली के मुख्यमंत्री के घर के बाहर भाजयुमो के प्रदर्शन को सिसोदिया ने केजरीवाल के हत्या का प्रयास बताया और कहा कि यह प्री-प्लांड था।

पुलिस को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस की भी इसमें मिलीभगत है। उन्होंने कहा कि पुलिस ही बीजेपी के गुंडों को केजरीवाल के घर तक लेकर आई। पंजाब में आप की जीत से भाजपा बौखला गई है और उसके कार्यकर्ता इस तरह की हरकतें कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इन गुंडों ने पुलिस के होते हुए केजरीवाल के घर सीसीटीवी कैमरे, सिक्युरिटी बैरियर और गेट पर लगे बूम बैरियर तोड़े। लेकिन आप का सफर रुकने वाला नहीं, बीजेपी चाहे जो कर ले।

मालूम हो कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर बुधवार को कश्मीरी हिंदुओं का अपमान करने का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे थे। इसका नेतृत्व भारतीय जनता युवा मोर्चा के अध्यक्ष और सांसद तेजस्वी सूर्या कर रहे थे। इन्हीं के नेतृत्व में कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास के बाहर जुटे थे। यहां प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारी पुलिस बैरिकेड तोड़कर मुख्यमंत्री आवास के गेट तक पहुंच गए।

क्या है पूरा मामला

दरअसल, भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के कार्यकर्ता केजरीवाल के आवास पर 'द कश्मीर फाइल्स' पर दिए गए उनके बयान के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। इस दौरान कार्यकर्ता बैरियर तोड़कर गेट तक पहुंच गए और उन्होंने काले रंग के गेट पर लाल पेंट कर दिया। सीसीटीवी को भी नुकसान पहुंचाया गया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सार्वजनिक किया गया है, जिसमें भाजयुमो के कार्यकर्ता गेट पर पेंट लगाते और हंगामा करते नजर आ रहे हैं। पुलिस ने करीब 70 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू की है।

Tags:    

Similar News